फालतू घुमने वाले लोगों को गिरफ्तार कर जेल मे 3700 रुपए का जुर्माना लोगों पर किया जा चुका है

 उज्जैन शहर में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इसे देखते हुए प्रशासन अब और सख्ती से लॉकडाउन का पालन करवा रहा है। अब शहर व जिले में फालतू घुमने वाले लोगों को गिरफ्तार कर अस्थाई जेल में रखा जाएगा। इसके लिए माधव कॉलेज को अस्थाई जेल बनाया गया है। बिना किसी कारण घुमने वालों पर जुर्माना भी लगाया जा रहा है। कुछ लोगों से 250 रुपए तक का जुर्माना भी वसूला गया। उधर इंदौर रोड पर दो तालाब के यहां रहने वाले व्यक्ति पर 100 रुपए का जुर्माना भी कर दिया। अब तक करीब 3700 रुपए का जुर्माना लोगों पर किया जा चुका है।
प्रशासन की तमाम सख्ती के बाद भी कई लोग कफ्र्यू तोड़कर बाहर निकल रहे हैं। प्रशासन ने कफ्र्यू तोडऩे  वाले लोगों और बिना किसी कारण के सड़कों पर घुमने वालों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का आदेश जारी किया है। साथ ही अस्थाई जेल बनाने को भी कहा। इसकी तैयारी भी अधिकारियों ने शुरू कर दी है। प्रशासन ने देवासगेट के समीप स्थित माधव कॉलेज को अस्थाई जेल बनाने का फैसला किया है ताकि कफ्र्यू तोडऩे वालों को इस जेल में रखा जा सके। सूत्रों के मुताबिक इस जेल में उठक-बैठक और कॉलेज परिसर की साफ-सफाई जैसी सजा देने पर भी विचार चल रहा है। उधर सरकारी अधिकारी और कर्मचारी अब अप-डाउन भी नहीं कर सकेंगे। इंदौर से उज्जैन अपडाउन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है तथा निर्देश दिए हैं कि शहर में रहकर ही काम करें। आदेश जारी होने के बाद अपडाउन की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने ऐसे लोगों पर भी अपनी नजर जमा दी है जो दूसरे जिले से या विदेश से शहर आए हैं। हालांकि प्रशासन की टीमें ऐसे लोगों के बारे में पहले से जानकारी जुटा रही हैं। आमजनों से सहयोग भी मांगा है। 
मोबाइल से परामर्श दें डॉक्टर
प्रशासन ने शहर व जिले के डॉक्टरों को निर्देश दिया है कि मरीजों को वे फोन पर ही चिकित्सकीय मार्गदर्शन करें और उपचार करें। अपने पुराने मरीज जो बीपी, डायबिटीज, अस्थमा, कैंसर या अन्य गंभीर बीमारी से पीडि़त हैं उनका जरूरत पडऩे पर निजी दवाखाने पर निरीक्षण करें और उपचार करें। गंभीर बीमारी से किसी भी व्यक्ति की चिकित्सक की लापरवाही से मृत्यु होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।