2 महिला अफसरों को पहली बार वॉरशिप पर तैनात करेगी नौसेना

राफेल को भी पहली महिला पायलट जल्द मिलेगी


भारतीय नौसेना के इतिहास में पहली बार दो महिला अफसर सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह को वॉर शिप पर तैनात किया जाएगा। इन दोनों को हेलिकॉप्टर स्ट्रीम में ऑब्जर्वर (एयरबोर्न टैक्टिशियंस) के पद में शामिल होने के लिए चुना गया है। इसके पहले महिला अफसरों को फिक्स्ड विंग एयरकॉफ्ट तक सीमित रखा गया था। इसके तहत, वॉरशिप पर एयरक्राफ्ट को टेकऑफ और लैंड कराया जाता है।



महिला अफसरों को जंगी जहाजों पर तैनाती की खबर ऐसे वक्त में सामने आई है, जब भारतीय वायुसेना ने भी महिला लड़ाकू पायलट को राफेल विमानों की फ्लीट को ऑपरेट करने के लिए शॉर्टलिस्ट किया है।इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अंबाला में भारतीय वायुसेना के राफेल स्क्वॉड्रन को पहली महिला फाइटर पायलट जल्द मिल जाएगी। वायुसेना की 10 महिला फाइटर पायलट प्रशिक्षण से गुजर रही हैं। इनमें से एक 17 स्क्वाड्रन के साथ राफेल जेट उड़ाएगी।


10 सितंबर को अंबाला में 5 राफेल एयरफ्राफ्ट को भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था। भारत ने फ्रांस से 36 राफेल जेट खरीदे हैं। इनमें पांच भारत आ चुके हैं। बाकी 2021 के आखिर तक भारतीय वायु सेना के हिस्सा होंगे।